भेंटा-भर्की-गीरा वांसा सड़क के सुधारीकरण की मांग, कहा-पैदल चलने लायक भी नहीं है सड़क
एडीएम के आश्वासन के बाद स्थगित किया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। भेंटा-भर्की-गीरा वांसा सड़क के सुधारीकरण की मांग को लेकर उर्गम घाटी के ग्रामीणों ने नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और धरना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरनास्थल पर पहुंचे एडीएम ने ग्रामीणों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया और ग्रामीणों ने धरना स्थगित किया।
मंगलवार को कल्प क्षेत्र विकास आंदोलन समिति के नेतृत्व में उर्गम घाटी के भेंटा, भर्की, गीरा, वांसा, पिलखी, ग्वाणा, अरोसी, ल्यारी, थेंणा, उर्गम, देवग्राम आदि गांवों के ग्रामीणों ने नगर में जुलूस निकाला। इसके बाद दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। यहां हुई सभा में ब्लॉक प्रमुख हरीश परमार, कल्प क्षेत्र विकास आंदोलन के अध्यक्ष शंकर सिंह चौहान और सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि उर्गम घाटी पर्यटन क्षेत्र है। यहां पर्यटकों का वर्षभर आना-जाना रहता है, लेकिन घाटी के गांवों को जोड़ने वाली सड़कें देखरेख के अभाव में बदहाल पड़ी हैं। भेंटा-भर्की-गीरा-वांसा सड़क पर 12 किलोमीटर तक हिल कटिंग हो गई है, लेकिन शुरुआत के पांच किमी से मलबा नहीं हटाया गया है, जिससे सड़क पैदल जाने लायक भी नहीं है। उन्होंने जीआईसी उर्गम में प्रयोगशाला भवन के निर्माण पूरा करने की मांग भी की। अपराह्न तीन बजे धरनास्थल पर पहुंचे एडीएम डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ उर्गम घाटी की सड़कों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख हरीश परमार, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष अनूप नेगी, कुसुम देवी, ग्राम प्रधान मंजू देवी, भोला सिंह अध्यक्ष प्रधान संगठन, कल्प क्षेत्र विकास आंदोलन के अध्यक्ष शंकर सिंह चौहान, प्रधान भेंटा हेमलता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी, देवग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह रावत, बहादुर सिंह रावत, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।