फोटो- कर्णप्रयाग में उपजिलाधिकारी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन देते बेस अस्पताल संघर्ष के सदस्
संघर्ष समिति और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा देने की मांग को लेकर सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही मांग को लेकर एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन दिया। समिति ने 15 दिनों में सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर गैरसैंण में अगस्त माह में प्रस्तावित बजट सत्र के दौरान सिमली में प्रदर्शन की चेतावनी दी।
सोमवार को सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में लोग तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। एसडीएम संतोष कुमार पांडेय के माध्यम से मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में लोगों ने कहा कि सिमली में बेस अस्पताल बनने की घोषणा के बाद 20 करोड़ की लागत से भवन बना लेकिन 2014 में बेस अस्पताल का नाम बदलकर महिला बेस कर दिया गया। अब वर्तमान में यहां महिला बेस के साथ ही उप जिला चिकित्सालय का बोर्ड भी लगा दिया गया है। उन्होंने महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा देने की मांग की। इस मौके पर महेश चंद्र डिमरी, एसपी बहुगुणा, बृजेश बिष्ट, विक्रम सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र सेमवाल, पुष्कर मिंगवाल और जयदीप गैरोला आदि मौजूद रहे।