प्रदेश में प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती चरणवद्ध तरीके से करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने विरोध किया। उन्होंने शाम पांच बजे के बाद बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया और भर्ती प्रक्रिया चरणवद्ध तरीके से करने की मांग की।
प्रशिक्षुओं ने कहा कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 3368 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है जबकि उत्तराखंड में वर्तमान में सभी डायट से 327 प्रशिक्षु ही प्रशिक्षण प्राप्त हैं। कहा कि आने वाले जुलाई माह तक 155 प्रशिक्षु, दिसंबर माह तक 650 प्रशिक्षु एवं अगले वर्ष दिसंबर 2025 तक अन्य 650 प्रशिक्षु डीएलएड प्रशिक्षण पूरा करने वाले हैं। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार से एक साथ 3368 पदों पर भर्ती प्रक्रिया न कर चरणबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। ताकि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षु भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें। इस दौरान विवेक, आशीष, कैलाश, अजय, भूपेंद्र, राहुल, चंदन, क्षितिज आदि मौजूद थे।