कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर के मकानों में आई दरारें।
- फोटो : KARNPRYAG
सड़क कटिंग के दौरान हो रहे भू-धंसाव से बहुगुणानगर के लोगों के मकानों में दरारें आने लगी हैं जिससे लोग रतजगा करने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास करने और क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे की मांग की। कहा कि अगर तीन दिनों में प्रभावित लोगों के मकानों का निरीक्षण कर उनकी मांग नहीं मानी गई तो तहसील प्रांगण में भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
प्रभावित हरेंद्र बिष्ट, हरिराम, चंद्रशेखर पाटिल, सरला देवी, माधो रावत, रविदत्त सती, आशीष मित्तल, मनबीर, सिंह, हितेश मित्तल, संतोष कुमार, सुमित मित्तल आदि ने मांग के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि बदरीनाथ हाईवे पर बहुगुणानगर में एनएच की ओर से की जा रही सड़क कटिंग से मकानों में दरारें पड़ गई हैं और कभी भी मकानों के गिरने का खतरा बना है। ऐसे में रात में सो भी नहीं पा रहे हैं। एसडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि जल्द पटवारी को निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा।