गोपेश्वर। नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी पिता को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में पुरसाड़ी जेल भेज दिया है।
आरोपी पर अपनी 13 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
बीते मई में नेपाली मूल की एक महिला ने ज्योतिर्मठ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। वह अपने 11 साल के बेटे के साथ गोपेश्वर आकर मजदूरी करने लगी। जबकि उसकी 13 साल की बेटी अपने पिता के साथ ही थी।
कुछ दिन बाद बेटी गोपेश्वर आई और बताया कि उनके गोपेश्वर आने के कुछ दिन बाद पिता ने उसके साथ दुष्कर्म करना शुरू किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। लेकिन आरोपी फरार हो गया।
ज्योतिर्मठ पुलिस ने बुधवार को आरोपी को कर्णप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया। जिसे बृहस्पतिवार को विशेष सत्र न्यायाधीश बिंध्याचल सिंह की अदालत में पेश किया।
अदालत ने आरोपी को 14 दिन की अभिरक्षा में जेल भेज दिया।