गोपेश्वर। चमोली-मंडल-ऊखीमठ-कुंड हाईवे जगह-जगह बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। हाईवे पर कहीं नाली निर्माण नहीं हुआ तो कहीं डामर उखड़ गया है। केदारनाथ के दर्शन कर तीर्थयात्री हिचकोले खाकर बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। यहां स्थानीय लोगों के वाहन भी मुश्किल से आवाजाही कर पा रहे हैं।
देवलधार के पास हाईवे पर डामर उखड़ गया है और यहां बरसाती पानी से तालाब बन गया है जिससे दोपहिया वाहन यहां फिसल रहे हैं। देवलधार ग्वाड़ की पल्लवी का कहना है कि हाईवे पर सुरक्षा के भी इंतजाम नहीं हैं। नाली न होने से पानी हाईवे पर बह रहा है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह और सत्येंद्र सिंह रावत का कहना है कि यह मार्ग तीर्थाटन और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इधर, एनएच के ईई निर्भय सिंंह का कहना है कि जहां हाईवे बदहाल है, वहां सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। जल्द हाईवे को दुरुस्त कर लिया जाएगा। संवाद