बरसात में पानी बढ़ने पर आवागमन हो जाता है ठप, ग्रामीण बोले, पुल नहीं बना तो करेंगे आंदोलन
थराली। रतगांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में बरसात से पहले ढाढरबगड़ में बैली ब्रिज या स्थायी मोटर पुल का निर्माण किए जाने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्राम प्रधान महिपाल फर्स्वाण ने कहा कि बरसात में सिर्फ तीन महीने शेष है। ऐसे में गत दो वर्षों की भांति इस साल भी ग्रामीणों को छह माह घरों में ही कैद होकर रहना पड़ेगा। इसलिए हमारी शासन-प्रशासन एवं लोनिवि से मांग है कि अतिशीघ्र पुल का निर्माण कार्य शुरू हो। रतगांव विकासखंड का सबसे बड़ा गांव है। यहां की जनसंख्या तीन हजार से अधिक है।
वर्ष 2023 में बादल फटने से घटगाड़ नदी में आई बाढ़ में मोटर पुल बह गया था, जिससे ग्रामीणों का संपर्क बरसात में देश दुनिया से कट गया था। नवंबर में ग्रामीणों ने लोनिवि की सहायता से लकड़ी की अस्थायी पुलिया बनाई है, जो बरसात में पानी बढ़ने पर बह जाती है। सरकार को ग्रामीणों की परेशानी को समझते हुए पुल निर्माण करना चाहिए। वहीं लोनिवि के ईई दिनेश मोहन गुप्ता का कहना है कि ढाढरबगड़ में बैली ब्रिज बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।