फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मलबे की चपेट में आया बोलेरो वाहन और बाइक, बिजार गांव में घरों में घुसा बरसाती पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
चमोली जनपद में बुधवार रात भारी बारिश से नंदानगर विकास खंड के बिजार गांव में कई घरों में बारिश का पानी और मलबा घुस गया। गांव का पैदल रास्ता भी बह गया है। बृहस्पतिवार को ग्रामीण दिनभर घरों से मलबा हटाने में लगे रहे। भारी बारिश से जनपद की 35 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। वहीं, पोखरी, जोशीमठ और नंदानगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति दोपहर तक बाधित रही।
विज्ञापन

बुधवार रात बारिश से नंदानगर के बिजार गांव में ग्राम प्रधान मोनिका देवी, नरेंद्र रावत, बचन सिंह रावत, देवेंद्र जमालू, जगदीश सिंह और लक्ष्मण सिंह के घरों में पानी घुस गया। भूधंसाव और भूस्खलन होने से कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। नौना-बनाला गांव में सैकड़ों पौधे भूस्खलन से गदेरे में बह गए।
दशोली ब्लॉक में कुहेड़-मथरपाल धारकोट सड़क पर मलबा आने से एक बाइक मलबे में दब गई है और एक बोलेरो वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। भारी बारिश से चमोली-पलेठी, नंदप्रयाग-कोठियालसैंण, पुरसाड़ी-पलेठी, रुद्रप्रयाग-पोखरी, हापला-कलसीर, हापला-गुड़म, कर्णप्रयाग-मैखुरा-सोनला, बौला-श्रीकोट, कुहेड़-मैठाणा-मथरपाल, कुहेड़-मैठाणा-रोपा चलधार, बिरही-निजमुला, घाट-नंदप्रयाग आदि सड़कें बाधित हो गई हैं। नंदानगर ब्लॉक के 50 से अधिक गांवों को यातायात से जोड़ने वाली एकमात्र नंदप्रयाग-घाट सड़क भी कई जगह मलबा आने से दिन भर बाधित रही। इस कारण ग्रामीणों को करीब पांच किलोमीटर की पैदल दूरी नापनी पड़ी। बिरही-निजमुला सड़क भी काली चट्टान के समीप भारी मलबा आने से बाधित रही।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई विभाग ने सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई हैं। इधर, 66 केवी की विद्युत लाइन में फाल्ट आने से दोपहर तक जोशीमठ, पोखरी और नंदानगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि सुचारु की गई सड़कें बारिश होने पर दोबारा बाधित हो रही हैं। सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।
ऊखीमठ-चोपता हाईवे दस मीटर तक ध्वस्त
ऊखीमठ-गोपेश्वर हाईवे चोपता के समीप (मंडल की ओर) करीब दस मीटर तक ध्वस्त हो गया है। बुधवार रात भारी बारिश के कारण हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में केदारनाथ से बदरीनाथ धाम आ रहे करीब 50 तीर्थयात्रियों को चोपता से वापस भेज दिया गया। बाद में ये तीर्थयात्री ऊखीमठ से रुद्रप्रयाग होते हुए बदरीनाथ पहुंचे। बुधवार रात भारी बारिश के बीच ऊखीमठ-गोपेश्वर हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ गया। कांचुलाखर्क और चोपता के बीच हाईवे करीब दस मीटर तक ध्वस्त हो गया। गंगोलगांव निवासी महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें