गाड़ी गांव के ग्रामीण बोले, जहां मलबा डाला जा रहा वह ग्राम पंचायत की भूमि
एनएचआईडीसीएल और प्रशासन ने समझाया लेकिन नहीं माने
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे पर बिरही पुल के समीप ग्राम पंचायत की भूमि पर डंपिंग जोन का ग्राम पंचायत गाड़ी के ग्रामीणों ने विरोध किया और बिरही-निजमुला सड़क पर दो घंटे तक जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत की भूमि पर मलबे का निस्तारण नहीं करने दिया जाएगा। बाद में ग्रामीणों ने इस संबंध में एसडीएम चमोली को ज्ञापन भेजा और वार्ता का निर्णय लिया।
बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के तहत बिरही क्षेत्र के मलबे का निस्तारण बिरही गंगा के किनारे किया जा रहा है। यह ग्राम पंचायत गाड़ी की भूमि है। सोमवार को सुबह करीब दस बजे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर यहां मलबा निस्तारण का विरोध किया। मौके पर पहुंचे एनएचआईडीसीएल के सहायक अभियंता राजेश मौर्य और राजस्व उपनिरीक्षक आशीष बिष्ट ने ग्रामीणों के समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद उन्होंने पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक निजमुला सड़क पर जाम लगा दिया। इससे निजमुला घाटी के गांवों को जाने वाले वाहन वहीं रुक गए। बाद में ग्रामीणों ने एसडीएम चमोली को ज्ञापन भेजा और मंगलवार को उनसे वार्ता करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने जाम खोला और घर लौट गए। राजस्व उपनिरीक्षक आशीष बिष्ट ने बताया कि एनएचआईडीसीएल की ओर से जिस भूमि पर मलबे का निस्तारण किया जा रहा है, वहां शासन से डंपिंग जोन स्वीकृत है। इस मौके पर वन सरपंच तारेंद्र सिंह गड़िया, ग्राम प्रधान विजयलक्ष्मी देवी, भगत सिंह गड़िया, जयदीप सिंह, महिपाल सिंह, कुलदीप, ताजवर नेगी, अनूप सिंह, सचिन गड़िया, पवन सिंह, हरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, प्रकाश गड़िया और ऋभष आदि मौजूद रहे।