सगर से पुंग खर्क तक निकली जागरूकता रैली, यात्रियों की सामग्री जांची
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी- गोपेश्वर। वन्यजीव सप्ताह के तहत केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज की ओर से सगर-रुद्रनाथ यात्रा मार्ग पर जागरूकता रैली और स्वच्छता अभियान चलाया गया। सगर से पुंग खर्क तक आयोजित रैली में पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को वन्यजीवों व उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
वन कर्मियों ने यात्रा मार्ग से प्लास्टिक और कूड़ा एकत्र किया। यात्रियों व नेपाली श्रमिकों के सामान की जांच भी की गई, ताकि अवैध और मादक पदार्थों की आवाजाही रोकी जा सके। पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
इधर, नागनाथ रेंज के राइंका गोदली में निबंध, भाषण प्रतियोगिता और गोष्ठी आयोजित की गई। वहीं दशोली के मासों वन पंचायत क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल में बच्चों ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर अपने सुझाव रखे। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।