सीमांत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जा रही बाइक रैली
सेना के साथ ही पंजाब, दिल्ली, पुणे से भी बाइकर्स हैं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने और पलायन रोकने के उद्देश्य से आयोजित भारतीय सेना व रॉयल एनफील्ड की ओर से आयोजित बाइक रैली सोमवार को ज्योतिर्मठ पहुंची। इसके बाद रैली अब माणा और नीती घाटी पहुंचेगी। बाइक रैली में 22 सदस्य हैं जिसमें 10 सिविलियन हैं, जो पंजाब, दिल्ली, पुणे से पहुंचे हैं।
देहरादून से शुरू हुई रैली उत्तरकाशी के हर्षिल, नेलांग व जादूंग गांव होते हुए सोमवार को चमोली पहुंची। ज्योतिर्मठ स्थित गढ़वाल स्काउट में सेना के जवानों के साथ पूर्व सैनिकों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने बाइकर्स का स्वागत किया। देहरादून से रैली में शामिल अलीसा थोमस ने बताया कि इस बाइक रैली का उद्देश्य उन गांवों में पर्यटन को विकसित करना है जहां पलायन तेजी से हो रहा है। रोजगार के लिए युवा शहरों में जा रहे हैं, जिससे गांवों में बुजुर्ग ही रह गए हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन क्षेत्र विकसित होने पर युवाओं को यहीं पर रोजगार मिल सकेगा। उत्तराखंड के विभिन्न गांवों में रैली जाएगी और उनका खूब प्रचार-प्रसार करेगी। पुणे से आए नितीश श्रीवास्तव का कहना है कि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र बेहद खूबसूरत हैं।