कर्णप्रयाग। नंदाधाम नौटी के एएनएम सेंटर में डेढ़ साल से एएनएम की तैनाती नहीं हो पाई है जिस कारण यहां गर्भवती को कार्ड बनाने, टीकाकरण करने सहित अन्य जरूरी कामों के लिए भी 25 से 30 किमी दूर कर्णप्रयाग जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द यहां एएनएम की तैनाती की मांग की।
नौटी एएनएम केंद्र से बैनोली, तोली, धानई, कल्याड़ी कनोठ, पुडियाणी, गैरोली सहित आसपास के 13 से अधिक ग्राम पंचायतें जुड़ी हैं। पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख सुभाष रावत ने बताया कि यहां बीते डेढ़ साल से एएनएम की तैनाती नहीं है। एएनएम नहीं होने से गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, टीकाकरण, बच्चों का टीकाकरण आदि प्रभावित हो रहा है। महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर उचित परामर्श भी नहीं मिल पा रहा है। चमोली जिले के एसीएमओ डाॅ. अभिषेक गुप्ता का कहना है कि चमोली जिले में करीब 22 एएनएम के पद रिक्त हैं। रोटेशन के तहत अन्य जगह से एएनएम भेजी जा रही हैं। नौटी में रोटेशन के तहत व्यवस्था की गई है। नई नियुक्तियां होने पर जल्द तैनाती की जाएंगी।