नियुक्ति की मांग को लेकर एसएसबी गुरिल्ला प्रशिक्षितों ने लोनिवि अधीक्षण अभियंता का घेराव किया। कहा गया कि शासनादेश के अनुरूप कुमाऊं मंडल के गुरिल्ला प्रशिक्षितों को लोक निर्माण विभाग में मेट और बेलदार के पदों पर नियुक्ति दी गई है, लेकिन गढ़वाल मंडल में नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पाई है।
सोमवार सुबह 11 बजे बैठक के बाद गुरिल्ला संगठन के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सभी गुरिल्लाओं ने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता का घेराव किया।
गुरिल्लाओं ने उन्हें ज्ञापन दिया और कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्ष शासनादेश जारी कर गुरिल्लाओं को लोनिवि में नियुक्ति देने के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक नियुक्ति प्रक्रिया ठंडे बस्ते में है।
चेतावनी दी गई यदि एक सप्ताह में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो लोनिवि के कार्यालयों में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद एक ज्ञापन डीएम को भी दिया गया।
इस मौके पर रणजीत शाह, शिव भजन कोहली, सुशील सेमवाल, मनवीर रावत, पुरुषोत्तम पुरोहित, वीरेंद्र पंवार, प्रेम सिंह भंडारी, योगेंद्र कंडवाल, विक्रम सिंह नेगी, हयात सिंह नेगी, सावित्री नेगी, कुलदीप नेगी, हरेंद्र सिंह, ताजबर सिंह, गोविंद सिंह, यशपाल सिंह, हेमानंद कुमेड़ी और रंजीत शाह आदि मौजूद थे।