गोपेश्वर। जिला पूर्ति विभाग के औचक निरीक्षणों के बाद भी नगर में होटल और रेस्टोरेंटों में धड़ल्ले से घरेलू रसोई गैस का उपयोग किया जा रहा है। दूसरी ओर नगर के समीप बछेर, घिंघराण और मंडल घाटी में रसोई गैस की किल्लत बनी है।
बछेर में कुछ दिनों पूर्व भेजे गए 280 सिलेंडर कम पड़ गए थे, लेकिन अभी तक क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति पूरी नहीं की गई है। दुर्गा प्रसाद मैठाणी, महेंद्र सिंह नेगी, कर्मवीर सिंह और सरोजनी देवी का कहना है कि गोपेश्वर, चमोली, पीपलकोटी और नंदप्रयाग बाजारों के होटल और रेस्टोरेंटों में घरेलू गैस का प्रयोग हो रहा है जबकि ग्रामीण क्षेत्राें में गैस आपूर्ति में लापरवाही बरती जा रही है। पूर्ति अधिकारी आरएस राणा का कहना है कि घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग की अभी शिकायत नहीं मिली है, यदि ऐसा मामला पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र नगर में आकस्मिक छापेमारी की जाएगी।