देवाल। लोक निर्माण विभाग हाटकल्याणी-अठ्ठू-बेराधार मोटर मार्ग को 11 वर्ष में एक किमी ही बना पाया है, जबकि विभाग को मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ 29 लाख रुपये स्वीकृत भी हो चुके हैं।
वर्ष 2003 में दूरस्थ हाटकल्याणी, अठ्ठू, बेराधार, बमोटिया, मल्ला धरा और ईच्छोली गांव के लिए लगभग 10.5 किमी मोटर मार्ग स्वीकृत हुआ था। इसे बनाने की जिम्मेदारी लोनिवि थराली डिवीजन को सौंपी गई, लेकिन विभाग मार्ग निर्माण का मलबा डालने के लिए डंपिंग जोन ही तय नहीं कर पाया, जिस कारण एक किमी कटिंग के बाद काम ठप हो गया। पूर्व प्रमुख देवीदत्त कुनियाल, ललित मिश्रा और मदन मिश्रा आदि का कहना है कि मार्ग न बनने से ग्रामीण आज भी 6 से 12 किमी की पैदल दूरी नाप रहे हैं। सड़क न बनने से सबसे अधिक परेशानी बीमार और गर्भवती महिलाओं को देवाल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में होती है। थराली लोनिवि के ईई डीएस कुटियाल का कहना है कि हाटकल्याणी-बेराधार मोटर मार्ग की फाइल नोडल अधिकारी को भेजी जा चुकी है। मार्ग का डिस्पोजल जोन तय होना है, जबकि धरातल्ला मोटर मार्ग की वन विभाग के साथ संयुक्त सर्वे होना है।