पीपलकोटी। विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की कार्यदायी संस्था हिंदुस्तान कंपनी के कर्मचारी और मजदूरों ने वेतन न मिलने पर कंपनी के मुख्य प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी की। आक्रोशित कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द छह माह के वेतन भुगतान की मांग उठाई।
अलकनंदा पर निर्माणाधीन विष्णुागाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना का निर्माण कर रही हिंदुस्तान कंपनी की ओर से जुलाई माह से मजदूरों और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। 15 अक्तूबर से कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। मौजूदा समय तक भी परियोजना कार्य ठप पड़ा है। अभी तक कंपनी की ओर से वेतन न देने पर शनिवार को मजदूरों और कर्मचारियों ने कंपनी के मुख्य प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी कर दी। कहा गया कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र के करीब 700 कर्मचारियों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को भी मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस मौके पर कर्मचारी फेडरेशन के उपाध्यक्ष सोहन कुमार, सूरज कुमार, मदन मोहन गैरोला, नंदन राणा, शेखर गिरी, राकेश भंडारी, कैलाश सती, प्रदीप बुटोला, अखिलेश डंडरियाल, दीपक नेगी आदि मौजूद थे। इधर, हिंदुस्तान कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी टीआर भारती का कहना है कि कंपनी के उच्च प्रबंधन से वार्ता चल रही है। शीघ्र ही कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर परियोजना कार्य सुचारु कर दिया जाएगा।