गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे स्थित पीपलकोटी क्षेत्र के लिए प्रस्तावित गरुड़ गंगा-पीपलकोटी पेयजल योजना निर्माण का ग्राम पंचायत पाखी के ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने गरुड़ गंगा से पानी बाहर न देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पाखी गांव से ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलने पहुंचा। ग्रामीणों ने कहा कि पाखी गांव में ही पेयजल और सिंचाई की कमी बनी हुई है, जिससे गरुड़ गंगा का पानी दूसरे क्षेत्र में सप्लाई नहीं होने दिया जाएगा।
पाखी की महिला मंगल दल अध्यक्ष विजया देवी, युद्धवीर सिंह, जसपाल सिंह, कुंवर सिंह पंवार, भुवनेश जोशी, वेदप्रकाश डिमरी, विमला देवी, सुरमा, चंद्रा देवी, विक्रम, सुलोचना, सोबत सिंह पंवार और आनंद सिंह आदि ने कहा कि गांव में 300 परिवार रहते हैं। ग्राम पंचायत पाखी के लिए गरुड़ गंगा से ही पेयजल आपूर्ति होती है। अब गरुड़ गंगा से पीपलकोटी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए भी पेयजल योजना निर्मित है। यदि पीपलकोटी क्षेत्र के लिए भी गरुड़ गंगा से पेयजल योजना का निर्माण हुआ तो पाखी क्षेत्र में पेयजल की समस्या गहरा जाएगी। साथ ही सिंचाई के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि चार धाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्री गरुड़ गंगा में स्नान करने के बाद बदरीनाथ की तीर्थयात्रा शुरू करते हैं। इधर, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया का कहना है कि नगर पंचायत पीपलकोटी के अधिशासी अभियंता टंकार कौशल को मामले को सुलझाने के निर्देश दे दिए गए हैं।