चारधाम यात्रा को लेकर देश भर के तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार शुरुआत में ही दोगुना यात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है।
अभी तक बाहरी प्रांतों के 780 यात्री फोटोमीट्रिक पंजीकरण के तहत बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यहां आने पर इन यात्रियों को फोटोमीट्रिक पंजीकरण के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। चारधाम यात्रा सात मई से शुरू होनी है। माना जा रहा है कि एक मई से फोटोमीट्रिक पंजीकरण के लिए तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी।
राज्य की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए एक अप्रैल से शुरू हुई ऑनलाइन फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन के लिए देश के विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालुओं ने पहले से ही पंजीकरण करवा लिया है। हैदराबाद की त्रिलोक सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी प्राइवेट लिमिटेड बीते तीन साल से उत्तराखंड में तीर्थयात्रियों फोटोमीट्रिक पंजीकरण का कार्य कर रही है।
चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी का केंद्रीय कार्यालय है। केंद्र के प्रबंधक प्रेम अनंत ने बताया कि इस बार आस्था पथ पर जाने वाले तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। बीते साल की तुलना में इस बार ऑनलाइन पंजीकरण शुरुआत में दो गुना हुआ है। इस बार सर्वाधिक ऑनलाइन पंजीकरण महाराष्ट्र से हुए हैं। जबकि सबसे कम रजिस्ट्रेशन तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु से हुए हैं।
कहां से कितने ऑनलाइन पंजीकरण
महाराष्ट्र - 135
गुजरात - 80
दिल्ली - 79
उत्तरप्रदेश - 72
आंध्रप्रदेश - 58
उत्तराखंड - 56
पांडीचेरी - 39
कर्नाटक - 32
मध्यप्रदेश - 27
तेलंगाना - 27
पश्चिम बंगाल - 26
ओड़िसा - 15
राजस्थान - 14
छत्तीसगढ़- 11
बिहार - 7
हिमाचल प्रदेश - 6
पंजाब - 5
तमिलनाडु - 5
केरल - 5
142 पैदल यात्री आस्था पथ पर रवाना
त्रिलोक सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी के मुताबिक एक अप्रैल से लेकर 26 अप्रैल तक 142 पैदल यात्री फोटोमीट्रिक पंजीकरण करवाने के बाद चारधाम यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। बताया गया कि इनमें से अधिकांश साधु हैं।