टैक्सी स्टेंड पर टैक्सियों की कतार।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत बिलेख के तोक थकलाड़ को जाने के लिए रास्ता और पैदल पुल नहीं होने से ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीण लंबित समस्याओं को कई बार उठा चुके हैं लेकिन आज तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। गुस्साए ग्रामीणों ने यूथ कांग्रेेस के बागेश्वर ब्लाक इकाई के बैनर तले कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन को ज्ञापन देकर का समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि ग्राम पंचायत बिलेख से थकलाड़ तोक की दूरी पांच किमी है। वहां जाने के लिए आज तक पगडंडी का निर्माण नहीं किया गया। रास्ते में पड़ने वाले नाले में पुलिया भी नहीं है। रास्ता नहीं होने से जहां स्कूली बच्चों को कई दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं पुल नहीं बनने से बरसात में बच्चों का स्कूल जाना बंद हो जाता है। महिलाएं घास लेने जंगल नहीं जा पाती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए अब तक कई बार मांग कर दी गई है। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने डीएम से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान बहादुर सिंह रावत, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष दीपक खेतवाल, यूथ कांग्रेेस के बागेश्वर अध्यक्ष ईश्वर पांडे, कपकोट अर्जुन कुमार, बागेश्वर उपाध्यक्ष रमेश भंडारी, जिला सचिव गणेश कुमार, संजय चन्याल, सुरेश चंद्र, नारायण राम, किशन राम, राजेंद्र प्रसाद, दीवान राम, मोहन राम, हरीश राम, जोगा राम और राम प्रसाद आदि शामिल थे।