बागेश्वर में मांगों को लेकर मंथन करते एनएचएम कर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों की हड़ताल से कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे कार्यों पर असर पड़ रहा है। अस्पतालों की सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित हो रही हैं। कर्मचारियों ने जल्द समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है।
एनएचएम कर्मचारी वेतन विसंगति, नर्सिंग स्टाफ को वरीयता के आधार पर स्थायी नियुक्ति देने, कोविड ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के तहत बीमा करवाने सहित अन्य मांगों को लेकर एक जून से कार्य बहिष्कार कर होम आइसोलेशन पर चले गए हैं। कर्मचारियों की हड़ताल से कोविड सैंपलिंग, कोविड मरीजों की डाटा अपलोडिंग, गांव-गांव में होने वाले कोविड जांच सैंपलिंग का काम बाधित हो गया है। जननी सुरक्षा योजना, क्षय रोगियों से संबंधित कार्य, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने और निर्गत करने का कार्य, दवाओं का वितरण आदि कार्य भी प्रभावित हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कोविड काल में पूरी निष्ठा से ड्यूटी करने के बावजूद उनकी अनदेखी हो रही है, जिसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को भी कर्मचारियों ने जिला अस्पताल में धरना देकर जल्द समस्याओं का जल्द निदान करने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भुवन जोशी, संरक्षक अनूप कांडपाल, नीरज उपाध्याय, सतीश कांडपाल मनोज पुरोहित, सुरेश कुकरेती आदि मौजूद रहे।