गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के कोठों गांव में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार से महिलाओं में आक्रोश है। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव में निगरानी बढ़ाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
शनिवार को एसडीएम वैभव कांडपाल को दिए ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि गांव में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। बाहरी लोग भी गांव में शराब के कारोबार और जुए जैसी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने में लगे हैं। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं, बच्चों और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं की मांग को यूकेडी का भी समर्थन मिला।
पार्टी के ब्लाॅक अध्यक्ष गिरीश कोरंगा ने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है। नशे के खिलाफ चल रही इस लड़ाई में संगठन पूरी मजबूती के साथ महिलाओं का साथ देगा। महिलाओं ने प्रशासन से गांव में नियमित निगरानी बढ़ाने, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और जुआ खेलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर विमला गोस्वामी, दीना देवी, शोभा गोस्वामी, हेमा देवी, गंगा देवी, दीपा देवी आदि मौजूद रहे।