अधिकारियों की बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। तहसील सभागार में हुई बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर अनेक कार्यक्रम तय किए गए। निर्धारित कार्यक्रमानुसार सुबह 5:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभात फेरी में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश देने के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी सहभागिता की अपील की।
तय कार्यक्रमानुसार सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों में सुबह नौ बजे संबंधित विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। सुबह 09:30 बजे जिला कार्यालय में डीएम ध्वजारोहण करेंगे। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 10 बजे सामूहिक ध्वजारोहण कार्यक्रम नुमाइशखेत मैदान में किया जाएगा। इसमें जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए अपने क्षेत्रों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सूचित करने को कहा गया। स्वतंत्रता दिवस पर क्रॉसकंट्री रेस आयोजित होगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु मुख्य शिक्षा अधिकारी को विभिन्न नगर क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने हेतु रूपरेखा तय करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को ध्वजारोहण से पूर्व कार्यालय परिसर की सफाई के साथ ही परिसर में उपलब्ध भूमि के अनुसार पौधरोपण करने को कहा। जिले के पूर्व डीएम गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। एसडीएम फिंचाराम चौहान ने संचालन किया। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष राजंद्र सिंह टंगड़िया, एसपी सुखवीर सिंह, सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी आदि थे।