बागेश्वर जिले के दुगनाकुरी तहसील के नौ गांव में गुलदार ने हमला कर खेत में काम कर रही महिला को घायल कर दिया। इस हमले में महिला की पीठ सहित शरीर में पंजों से जख्म बने हैं। दिन दहाड़े आबादी के नजदीक हुए गुलदार के हमले से ग्रामीण भयभीत हैैं।
नौ गांव निवासी मोहन सिंह की पत्नी मालती देवी उम्र 55 वर्ष सोमवार को दिन में खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। महिला ने शोर मचाते हुए दरांती से गुलदार को भगाने का प्रयास किया। इसके बावजूद गुलदार ने पंजा मारकर महिला को घायल कर दिया। इस बीच चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
नौ गांव के ग्राम प्रधान घायल महिला को 108 चिकित्सा वाहन से जिला अस्पताल लाए। जहां पर महिला का उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है। कई बकरियों व पालतू पशु निवाला बन चुके हैं। परंतु अब लोगों पर भी हमला होने के बाद ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से आतंक का पर्याय बने गुलदार को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।