बागेश्वर के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद सरयू नदी का बढ़ा जलस्तर। संवाद
बागेश्वर। जिले का मौसम पल-पल बदल रहा है। जिला मुख्यालय की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश अधिक होने से मौसम सुहावना है।
बुधवार रात को कपकोट, दुगनाकुरी और कांडा तहसील क्षेत्र में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के चलते सरयू नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई। नदी में भारी मात्रा में सिल्ट आने से पानी भी मटमैला हो गया है। सुबह तक ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश जारी रही। जिला मुख्यालय में सुबह के समय बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। अधिक देर तक बारिश नहीं हुई। करीब दस बजे बाद मौसम बदला और हल्की धूप निकल आई। पूरे दिन में धूप-छांव का खेल चलता रहा। उमस भरी गर्मी के कारण भी लोगों को दिक्कतें हुईं।
ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बारिश से धान की रोपाई का मौका जल्दी मिल गया है। आमतौर पर जुलाई में धान की रोपाई होती है लेकिन गरुड़ की देवनाई घाटी में इन दिनों रोपाई चल रही है।