पेयजल योजना को बदलने की मांग को लेकर आरे के ग्रामीणोें ने शनिवार को सांकेतिक जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा जल संस्थान लाइनों में वैल्डिंग कर उन्हें ठीक करना चाहता है। इससे कोई लाभ नहीं होगा। शनिवार की सुबह आरे के तमाम ग्रामीणों ने गांव में स्थित मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि जल संस्थान की पेयजल लाइन के पाइप जीर्ण हो गए हैं, जिससे जगह-जगह पानी का रिसाव हो रहा है। इससे जहां पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं पानी रास्तों पर बहने के कारण चलने में परेशानी हो रही है। बार-बार शिकायत करने पर जल संस्थान इसे बदल नहीं रहा है।
कुछ देर के संाकेतिक जाम के बाद ग्रामीणों ने सड़क खोल दी। बाद में कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और सीडीओ हिमाशु जोशी वहां पहुंचे। विधायक और सीडीओ ने ग्रामीणों की मांग को जायज ठहराया और समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
जाम लगाने वालों में विशाखा खेतवाल, भूपेश खेतवाल, गंगा खेतवाल, बसंती खेतवाल, गिरीश खेतवाल, पंकज खेतवाल, भानु खेतवाल, जोगा सिंह खेतवाल, नारायण सिंह खेतवाल आदि शामिल थे।