तहसील रोड बागेश्वर की आपूर्ति ठप होने के बाद हैंडपंप से पानी भरते लोग।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। अमसरकोट पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से नगर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति पांच दिनों से ठप है। तहसील रोड स्थित हैंडपंप में सुबह से ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही है। कई घंटे इंतजार करने के बाद लोगों को पानी मिल पा रहा है।
भूस्खलन होने से अमरसरकोट पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पांच दिन बाद भी समस्या नहीं सुलझा सकी है। इस कारण मजियाखेत, कफलखेत, तहसील रोड, सैंज, पालनीकोट समेत नदीगांव, तहसील रोड के आबादी वाले क्षेत्र में पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। तहसील रोड स्थित हैंडपंप में सुबह से ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट जा रही है। कई घंटे इंतजार करने के बाद लोगों को पानी मिल रहा है।
कई लोग नौलों और धारों से भी पानी ला रहे हैं। यहां भी काफी भीड़ जुट रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में हर साल नगर में पानी की किल्लत पैदा हो जाती है। कभी सरयू नदी में सिल्ट आने से पानी की आपूर्ति बाधित रहती है तो कभी पेयजल योजना ध्वस्त होने से पानी सप्लाई नहीं हो पाती है। उन्होंने नगर में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की ताकि जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।