डीएम रंजना राजगुरु ने डिग्री कॉलेज बागेश्वर से पोलिंग पार्टियों को बूथों की ओर रवाना किया।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शनिवार को होगा। इसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मतदान के लिए शुक्रवार को 185 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। बागेश्वर ब्लॉक में वोटिंग के लिए 182 गांवों में 185 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 71059 मतदाता वोटिंग करेंगे। कुल वोटरों में महिलाओं की संख्या 34837 और पुरुषों की संख्या 36222 है। मतदान का समय सुबह आठ से शाम पांच बजे तक है।
बूथों पर जाने के लिए डिग्री कॉलेज में पोलिंग पार्टियों की भीड़ लगी रही। सुबह से पोलिंग पार्टियों को लगातार रवाना किया गया। डिग्री कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को बूथों की रवाना करने से पहले एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच की गई। डीएम रंजना राजगुरू ने हरी झंडी दिखाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पोलिंग बूथों पर पहुंचते ही जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम में सूचना देने को कहा।
मतदेय स्थलों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें आरक्षित कार्मिक सहित कुल 970 सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। वहां सीडीओ एसएस पांगती, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, नोडल अधिकारी कार्मिक राहुल कुमार गोयल, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, नोडल अधिकारी परिवहन यातायात कृष्ण चंद्र पलड़िया आदि थे।
दो मतपेटियों में डाले जाएंगे वोट
शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान, वार्ड मेंबर पद के लिए मतदान होना है। हर बूथ पर दो मतपेटियां होंगी। पहली पेटी में प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत और दूसरी मतपेटी में क्षेत्र, जिला पंचायत सदस्य पद के बैलट पेपर डाले जाएंगे।