बागेस्वर के भटोली के पास टूटी पेयजल लाइन से बहता पानी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। पानी की कमी से जूझ रहे नगर में पानी की बर्बादी भी खूब होती है। जिला मुख्यालय के नजदीक भिटौली के पास पेयजल लाइन टूटने से ग्रामीणों तक जरूरत के मुताबिक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। टूटे पाइपों से पानी रिसकर सड़कों पर बह रहा है। बेवजह पानी बहने से लोगों में खासी नाराजगी है।
मिहिनिया-खोली पेयजल योजना की पाइप लाइन करीब एक सप्ताह से भिटोली के पास सड़क किनारे टूटी है। इससे सड़क पर पानी फिजूल बह रहा है। लगातार पानी बहने से ग्रामसभा खोली के लोग आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि एक सप्ताह से भिटोली के पास पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है, लेकिन विभागीय अधिकारी अनजान हैं। कहा कि पानी रिसने से गांव को आने वाली पेयजल लाइन में पूरा पानी नहीं आ पा रहा है। गांव में सैकड़ों लोग रहते हैं। मवेशियों की भी तादात काफी है। बिल चुकाने के बाद भी पानी की लाइन को ठीक करने में इतने दिनों से लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने टूटी पेयजल लाइन को शीघ्र सुधारने की मांग की है। जेई शेखर रौतेला ने बताया कि सूचना मिलने के बाद भिटोली के पास टूटी पेयजल लाइन को ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। रविवार तक इसे ठीक कर दिया जाएगा।