कपकोट कर्मी मोटर मार्ग की हालत खराब हो गई है। मार्ग के कई हिस्सों में बने गड्ढे, किनारे की टूटी दीवारें दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। गुस्साए लोगों ने सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कपकोट कर्मी मोटर की हालत कपकोट से ही खराब हैं। मार्ग के कपकोट, पुल बाजार, चीराबगड़, परमटी, गोदियाधार, शरण तक किया गया डामरीकरण कई जगह उखड़ चुका है जबकि बिजली परियोजना के निर्माण में लगे भारी वाहनों ने सड़क की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। शरण से आगे सड़क की दशा और भी खराब है। सड़क में बड़े तालाब होने के साथ ही सड़क में डामर के स्थान पर बिछे पत्थरों से दुर्घटना की हमेशा आशंका रहती है। ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि को सड़क की दशा सुधारने के लिए कई बार कहा गया है लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी है।
उन्होंने शासन, लोनिवि को सड़क की दशा शीघ्र न सुधरने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इनमें मल्ला दानपुर विकास समिति के अध्यक्ष स्वरूप सिंह कर्म्याल, सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र दानू, ग्राम प्रधान महिपाल राम, बीडीसी सदस्य नंदन सिंह, वार्ड पंच जगत दानू, भूपेंद्र कर्म्याल, चामू कर्म्याल, नारायण सिंह कर्म्याल शामिल हैं। पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया ने शासन पर सड़क की उपेक्षा का आरोप मढ़ा है। उन्होंने सड़क की दशा शीघ्र सुधारने के लिए पिछले दिनों डीएम को पत्र दिया है। इधर विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि शासन ने सड़क की दशा सुधारने, हॉटमिक्स के 19 करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। सड़क की सेहत जल्दी ही अच्छी होगी।