थला-मुनड़ा मोटर मार्ग से भीताकोट तक सड़क बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को रामनगर-डोटियाल मोटर मार्ग पर जालीखान में जाम लगा दिया। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रदर्शनकारी यहां से जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। इधर कटियाखाल में दसवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा।
थला-मुनड़ा मोटर मार्ग से भीताकोट तक सड़क बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का जसपुर कोट के कटियाखाल में क्रमिक अनशन दसवें दिन भी जारी रहा। यहां से सभी अनशनकारी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए जालीखान पहुंचे। उन्होंने जालीखान में रामनगर-डोटियाल मोटर मार्ग पर करीब एक घंटा जाम लगाया। बाद में ग्रामीण ने जुलूस निकाला। जुलूस कपराढैया, मौलेखाल, प्रेमनगर, तहसील चौक होते हुए सल्ट तहसील पहुंचा। ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन कर विरोध जताया। इसके बाद उप जिलाधिकारी के सामने अपनी मांगें रखीं।
इधर कटियाखाल में दसवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सड़क नहीं बनाई तो ग्रामीण 17 जनवरी से उग्र प्रदर्शन शुरू कर देंगे। जुलूस और प्रदर्शन करने वालों में गुणानंद ध्यानी, अमित रावत, घनानंद शर्मा, नमन उनियाल, केशर सिंह, कैलाश गिरी, राजेंद्र सिंह, मेहरबान सिंह, अर्जुन सिंह, कुंदन सिंह, शकुंतला देवी, मधुली देवी, बकतावर सिंह, गोपाल सिंह, माया देवी, तुलसी देवी, राधा देवी, कमला देवी, पुष्पा देवी, राधा देवी, जयंती देवी, कुंदन सिंह आदि शामिल थे।