विकास भवन रोड पर लंबे समय से सुरक्षा दीवार के निर्माण की अनदेखी लोनिवि को भारी पड़ गई है। उत्तरायणी मेले के मद्देनजर इस रोड के गड्ढों को भरने गई लोनिवि टीम को गुस्साए क्षेत्रवासियों ने लौटा दिया। उन्होंने पहले सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है। इस रोड से मेले का शुभारंभ करने वित्त मंत्री प्रकाश पंत को जाना है।
भिटाल के समीप नदी किनारे सुरक्षा दीवार बनी थी। यह दीवार पिछले साल बारिश के मौसम में नदी का उफान होने पर ढह गई थी। तब से क्षेत्रवासी इस दीवार के निर्माण की मांग कर रहे हैं। दीवार नहीं बनने से नदी अंदर का कटाव कर रही है। इस बाबत प्रशासन, लोनिवि अधिकारियों से भी मांग की थी।
इधर सोमवार से शुरू हो रहे उत्तरायणी मेले का शुभारंभ करने वित्त मंत्री प्रकाश पंत को भी इसी रोड से जाना है। इस वजह से लोनिवि के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढों का भरान कर रही थी। गड्ढे भरान होते देख क्षेत्रवासी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुरक्षा दीवार को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने टीम को गड्ढे नहीं भरने दिए और लोनिवि टीम को लौटा दिया। चेतावनी दी कि जब तक सुरक्षा दीवार नहीं बनने दी जाएगी तब तक गड्ढों का भरान नहीं होने दिया जाएगा। घेराव करने वालों में विवेक तिवारी, गौरव कांडपाल, रमेश जोशी, प्रेम पाठक, दीपक रौतेला, राजू जोशी, मनीष जोशी, गोपाल, रोहित सिंह, चंदन परिहार आदि शामिल थे।