बागेश्वर के आरे गांव में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण की मौत हो गई। सीढ़ीदार खेत होने से उसका शव पास में ही बह रही नदी में गिर गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरे गांव निवासी प्रमोद सिंह पुत्र स्व. गोविंद सिंह शाम करीब छह बजे खेत में रोपाई कर रहा था। इसी दौरान तेज बारिश और आंधी के साथ बिजली कड़की।
बिजली की चपेट में आने से प्रमोद की मौत हो गई और उसका शव सरयू नदी में गिर गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की सूचना पर कोतवाल टीआर वर्मा टीम के साथ पहुंचे। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस की मदद से शव को नदी से निकाला। मृतक प्रमोद सिंह के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।