शराब के प्रिंट रेट से अधिक रुपए वसूलने पर लोगों ने विदेशी शराब की दुकान में जमकर हंगामा काटा। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। मामले के अनुसार गुरुवार को कुछ लोग शराब लेने के लिए बस स्टेशन पर स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर गए।
आरोप है कि सेल्स मैन ने एक बोतल शराब के प्रिंट रेट से अधिक रुपए ले लिए। जब खरीददारों ने प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने का विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता कर दी। झड़प होने पर आसपास लोगों का जमावड़ा लग गया। हंगामे की जानकारी लगते ही कोतवाली से एसआई गोपाल राम के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इसके बाद मामला शांत हुआ। एसआई गोपाल राम ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने का आरोप लगाया जा रहा था। जिनसे लिखित में शिकायत करने को कहा गया। परंतु लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। लिखित में शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।