बागेश्वर। जिले के एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप हो गई है। पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में गर्भवतियों के अलावा अन्य मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में एकमात्र सोनोलॉजिस्ट तैनात हैं। वह भी सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को अस्पताल सेवाएं दे रहे हैं। इस सीमित समय में वह सिर्फ गर्भवतियों के ही अल्ट्रासाउंड कर पा रहे हैं। इसके चलते अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों को बिना जांच के ही लौटना पड़ रहा है या महंगे दामों पर निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है।
अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं आने वाले दिनों में और पटरी से उतरने वाली हैं। बीते 29 जून को हुए स्वास्थ्य विभाग के तबादलों में जिले के इस एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट का भी तबादला हो चुका है। ऐसे में अब जिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड सेवा लंबे समय के लिए प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
कोट
जिले में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। शासन से तैनाती होने के बाद जिला अस्पताल में तैनात किया जाएगा। - डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ बागेश्वर