बागेश्वर। जिले में रेडियोलॉजिस्ट की कमी होने से मरीजों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। पूरे जिले में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट और सोनोलॉजिस्ट होने से पूरे जिले में अल्ट्रासाउंड की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। बावजूद उसके जिले में नए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने उम्मीद दूर-दूर तक नहीं दिख रही है।
औसतन 500 से अधिक की ओपीडी वाले जिला अस्पताल में बीते 24 अक्तूबर से अल्ट्रासाउंड की सेवा ठप है। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में नियमित जांचों के लिए आने वाली गर्भवतियों और बीमार मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी सेंटरों में जाना पड़ रहा है। सीएचसी कपकोट और गरुड़ में सप्ताह में तीन दिन और कांडा में सप्ताह में एक दिन होने वाले अल्ट्रासाउंड भी ठप हैं। वर्तमान में पूरे जिले में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुमार अमित सीएचसी बैजनाथ में तैनात हैं। उन्हें व्यवस्था के तहत जिला अस्पताल में तैनात किया गया है। रेडियोलॉजिस्ट बीते 17 अक्तूबर से अवकाश पर हैं। सीएचसी कपकोट में तैनात सोनोलॉजिस्ट डॉ. आनंद बसवाल सप्ताह में तीन दिन सीएचसी बैजनाथ और तीन दिन कपकोट में गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड करते हैं। वह बीते 24 अक्तूबर से आकस्मिक अवकाश पर हैं।