बृहस्पतिवार देर शाम सरयू नदी के किनारे खेल रहे दो बच्चे बह गए। पुलिस और फायर बिग्रेड के तैराकों ने नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कठायतबाड़ा क्षेत्र के भतरौला निवासी तीन बच्चे राहुल, आशीष और प्रदीप देर शाम बागेश्वर के इंडोर स्टेडियम के पास सरयू नदी किनारे खेल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप ने बताया कि नदी में ऊपर से बहकर प्लास्टिक की बोतल आ रही थी। किनारे आने पर जैसे ही राहुल ने उस बोतल को पकड़ने का प्रयास किया वह तेज लहरों में बहने लगा। राहुल को बचाने के प्रयास में आशीष भी उफनाई नदी में डूब गया। दोनों को बहता देख घबराए प्रदीप ने घर पहुंचकर घरवालों को इसकी जानकारी दी।
इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रेस्क्यू टीम के जवानों ने नदी में खोज अभियान चलाया। परंतु देर शाम तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। नदी में बहे राहुल पुत्र गोविंद राम की उम्र 10 वर्ष और आशीष पुत्र अनिल की उम्र 11 वर्ष बताई जा रही है। इस घटना के बाद से दोनों बच्चों के परिजन सकते में हैं। बच्चों का पता नहीं चलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।