चार माह का मानदेय व नियमित ड्यूटी की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। पीआरडी जवानों ने गुरुवार को नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बागेश्वर-ताकुला मोटर मार्ग में सांकेतिक चक्काजाम भी किया।
गुरुवार को पीआरडी जवानों ने नुमाइशखेत से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बागेश्वर-ताकुला मोटर मार्ग में सांकेतिक चक्का जाम भी लगाया। इसके बाद जुलूस विकास भवन पहुंचा जहां पर सभी जवान धरने पर बैठ गए। विकास भवन परिसर में आंदोलन स्थल पर आयोजित सभा में पीआरडी जवानों ने रुके हुए मानदेय को देने और प्रशिक्षित महिला पीआरडी जवानों को शीघ्र तैनाती देने की मांग उठाई। जवानों ने कहा कि लगातार उपेक्षा बर्दास्त नहीं की जाएगी।
यदि विभाग जल्दी उनकी मांगों को पूरा नहीं करता है तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। बाद में अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। जुलूस प्रदर्शन करने वालों में मनोज कुमार, देवेंद्र लाल, गणेश राम, पवन सिंह, गिरीश चंद्र, दीपक जोशी, दीपक कत्यूरी, कैलाश चंद्र, खुशाल, धीरेंद्र कुमार, हरीश कुमार, नंदन प्रसाद, शिव गिरी, बलवंत भोटिया सहित दर्जनों पीआरडी जवान शामिल थे।