बागेश्वर। पिछले दिनों ग्राम पंचायत रावतसेरा के राजस्व गांव भंडारीसेरा के एक ग्रामीण के घर के समीप आम के पेड़ में बिजली गिर गई। इससे कुछ दूर स्थित लगे बिजली के ट्रांस्फॉर्मर में तकनीकी खराबी आ गई। तभी से गांव में बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी है।
गांव में अंधेरा पसरने से जहां ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं वहीं कारोबार पर भी बुरा असर पड़ा है। इस सब के बीच बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है। रात में गुलदार समेत अन्य जंगली जानवरों का भय अलग से सता रहा है। ग्रामीणों ने यूपीसीएल से ट्रांस्फॉर्मर शीघ्र बदलने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गत 14 मई को राजस्व गांव भंडारीसेरा के त्रिलोक सिंह रावत के घर के समीप आम के पेड़ के पर बिजली गिरी, जिससे कुछ दूरी पर बिजली के ट्रांस्फॉर्मर में तकनीकी खराबी आ गई। तब से बिजली की आपूूर्ति सुचारु नहीं होने से गांव में रात के समय अंधेरा छा जाता है। बच्चे भी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीण उजाले के लिए चीड़ के छिलकों का सहारा लेने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने ट्रांस्फॉर्मर बदलने के लिए यूपीसीएल को कई बार कहा, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई। उन्होंने आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में ग्राम प्रधान लीलावती देवी, गंगा सिंह रावत, रमेश रावत और लक्ष्मण रावत आदि थे। इधर यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडे ने बताया कि मामला संज्ञान में है। ट्रांस्फॉर्मर शीघ्र बदल दिया जाएगा।