चंडीगढ़ कॉलोनी में शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। शामा में शराब की दुकान खोलने का विरोध शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि शराब के कारण ग्रामीण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। मातृशक्ति लंबे समय से शराब का विरोध कर रही है। ग्रामीणों ने मातृशक्ति की मांग का सम्मान करते हुए शराब की दुकान न खोलने का अनुरोध किया।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले शिष्टमंडल के सदस्यों ने कहा कि शामा में पिछले दो सालों से शराब की दुकानों का संचालन हो रहा है। जब से शराब की दुकान खुली है गांव में अराजकता का माहौल है। शराबियों के आतंक से महिलाओं और छात्राओं का सड़कों पर चलना दूभर हो जाता है।
गरीब व मेहनतकश ग्रामीण अपनी मजदूरी शराब में लुटा देते हैं। शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर कई बार महिलाएं आंदोलन कर चुकी हैं। शिष्टमंडल ने इस समस्या को देखते हुए शामा में शराब की दुकान न खोलने का अनुरोध किया। शिष्टमंडल में शामा के प्रधान हरीश सिंह कोरंगा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदुली कोरंगा, सरपंच हयात सिंह, केदार सिंह, मंजू कोरंगा, नारायणी देवी, राधा देवी, जवाहर सिंह आदि थे।