कपकोट (बागेश्वर)। दानपुर घाटी की प्रमुख बाजार भराड़ी की यातायात व्यवस्था कंट्रोल से बाहर होते जा रही है। बाजार में इस कदर जाम लग रहा है कि राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। बाजार से होकर जाने वाले पर्यटक भी जाम से तंग आ चुके हैं। बाजार में यातायात पुलिस की तैनाती नहीं होने से समस्या दोगुनी हो गई है। व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस से यातायात कंट्रोल करने के लिए तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।
भराड़ी बाजार में हर दस मिनट में जाम लगना अब आम बात हो गई है। बाजार में छोटे बड़े वाहनों की बढ़ती संख्या और बारात के सीजन के चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई है। इस बीच सड़कों में हॉटमिक्स का काम होने से डंपरों की संख्या भी खासी बढ़ गई है।
व्यापारियों ने कहा कि यदि यातायात नियंत्रण के लिए शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठे तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इधर थानाध्यक्ष एसपी रायपा ने कहा कि फोर्स अर्द्धकुंभ ड्यूटी के लिए गई थी। जोअब यहां पहुंच गई है। बाजार का मौका मुआयना करके पुलिस को यातायात नियंत्रण में लगाया जाएगा। टैक्सियों को पार्किंग से बाजार की ओर नहीं बढ़ने दिया जाएगा।