गरुड़ (बागेश्वर)। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई की आम बैठक में प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की गई। बाजार से एसबीआई शाखा को अन्यत्र स्थानांतरित करने की सुगबुगाहट पर रोष जताया गया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश ठाकुर की अध्यक्षता में केडी पांडेय रामलीला मैदान में हुई बैठक में व्यापारियों ने एसबीआई शाखा को बाजार से अन्यत्र खोले जाने की चर्चाओं पर चिंता जताई। कहा कि अधिकांश व्यापारियों के खाते एसबीआई में हैं। बैंक को दूसरी जगह खोलने पर उन्हें मजबूरन खाते बंद करने पड़ेंगे। व्यापारियों ने शाखा प्रबंधक को बैंक को यथावत रखने के लिए ज्ञापन देने का भी प्रस्ताव पास किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बबलू नेगी, उपाध्यक्ष धीरज भाकुनी, महासचिव रोहित पांडेय, दीवान सिंह नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद