कपकोट में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करते एसडीएम।
- फोटो : amar ujala
एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने तहसील मुख्यालय के दवाखानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक दवाखाने से सरकारी अस्पतालों को सप्लाई के रैबीज के तीन इंजेक्शन बरामद हुए। दुकान से उन्हें खराब हो चुकीं कुछ दवाएं भी बरामद हुईं। एसडीएम ने सीएमओ को पत्र लिखकर मामले में सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
एसडीएम ने मंगलवार को तहसीलदार पीएस बिष्ट के साथ क्षेत्र की दवाओं की दुकान में मंगलवार को चेकिंग की। इस दौरान अधिकांश दुकानों में व्यवस्थाएं चौकस मिलीं, लेकिन जांच में एक दुकान से सरकारी कोटे के रैबीज के इंजेक्शन मिले।
इसके अलावा खराब हो चुकी कुछ दवाएं भी बरामद की गईं। एसडीएम ने बताया कि दुकान से दवाएं बगैर फार्मेसिस्ट के ही वितरण की जा रही थीं। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाई करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखा गया है।
उन्होंने मेडिकल स्टोर के संचालकों को चेताया कि नियमों का पालन करें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक टीम के निरीक्षण से दिनभर केमिस्टों में खलबली मची रही।
मेडिकल स्टोर से सरकारी सप्लाई के रैबीज के इंजेक्शन मिलना गंभीर मामला है। जानकारी मिलने पर मैंने नमूने मंगाए हैं। इसके आधार पर इसकी जांच की जाएगी। इंजेक्शन कहां की सप्लाई के हैं, जांच में इसका पता चल जाएगा। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. शैलजा भट्ट, सीएमओ, बागेश्वर।