गरुड़(बागेश्वर)। जिले में स्वास्थ्य मानकों के साथ खिलवाड़ करने वाले निजी जांच केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गरुड़ और बैजनाथ क्षेत्र में संचालित निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार केंद्रों पर कुल तीन लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बुधवार को एसडीएम वैभव कांडपाल और एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कई केंद्रों में पैथोलॉजिस्ट मौजूद नहीं थे, फिर भी धड़ल्ले से ब्लड रिपोर्ट जारी की जा रही थीं। इसके अलावा अग्निशमन सुरक्षा और क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के नियमों की भी जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। टीम ने आरोग्य पैथोलॉजी सेंटर गरुड़ पर एक लाख रुपये, बैजनाथ पैथोलॉजी सेंटर पर 1.50 लाख रुपये, सत्यम अल्ट्रासाउंड सेंटर बैजनाथ और सूर्या डायग्नोस्टिक लैब बैजनाथ पर 50-50 हजार का जुर्माना लगाया है। संवाद