बागेश्वर। लंबे समय से बिजली का बिल जमा न करने वालों की परेशानी बढ़ने वाली है। ऊर्जा निगम होली के बाद बकाया बिलों की वसूली के लिए व्यापक अभियान चलाने जा रहा है। 30 मार्च तक बिल जमा न कराने वालों के कनेक्शन काटने की भी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में करीब 65 हजार घरेलू और करीब 10 हजार व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। मार्च खत्म होने वाला है, लेकिन अब तक विभाग को शत प्रतिशत बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। होली के चलते इन दिनों भी बिल भुगतान में कमी आई है। जिसे देखते हुए विभाग ने बिलों की वसूली के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत मार्च के अंत तक बकाया बिल न चुकाने वालों के कनेक्शन भी काटे जाएंगे।
ऊर्जा निगम के ईई भाष्कर पांडेय ने बताया कि पहले बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इनमें कई विद्यालय, सरकारी विभाग, होटल और अन्य कारोबारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बिल जमा कराने के लिए विभाग पूरी सुविधा दे रहा है। अवकाश के दिनों में भी बिल जमा करने के लिए काउंटर खोले जा रहे हैं। ऑनलाइन बिल भुगतान की भी सुविधा है। इसके बावजूद जो उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ अभियान चलाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।