कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने यहां भारतीय स्टेट बैंक (आरसेटी) के उद्यमिता विकास प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग की लकड़ी को बाहर भेजने के बजाए जिले में ही वुडबैंक स्थापित किया जाए और स्थानीय दस्तकारों को इसका आवंटन किया जाए।
आरसेटी कार्यालय में लकड़ी पर आधारित कारपेंटरी और अन्य संबंधित व्यवसाय के लिए छह और दस दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। विधायक ने कहा कि वन विभाग को स्थानीय लोगों के प्रोत्साहन की नीति बनानी चाहिए।
यहां की लकड़ी को वन निगम के माध्यम से बाहर भेजने के बजाए जिले में ही वुड बैंक बनाकर स्थानीय लोगों को आवंटित किया जाए। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने आरसेटी के अधिकारियों को सलाह दी कि गरुड़, कपकोट के सुदूरवर्ती इलाकों में स्थानीय उद्यमियों के क्षमता बढ़ाने को रिंगाल पर आधारित उद्योगों का प्रशिक्षण दिया जाए।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक बीसी पाठक ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही रोजगार योजना को महिलाओं के लिए अत्यधिक उपयोगी बताया। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रबंधक केएस कर्म्याल ने रोजगार की संभावनाएं बताईं।
जिला अग्रणी बैंक अधिकारी एनएल आर्य ने वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। आरसेटी के निदेशक कश्मीर साहनी ने प्रशिक्षण योजनाओं का ब्यौरा रखा। इस मौके पर आरसेटी के चंदन भाकुनी, प्रकाश पांडे, केदार कोरंगा, बलवंत बिष्ट, विवेक कुमार आदि उपस्थित थे।