आंदोलन स्थगित करने से पहले धरना देते सकीड़ा के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। पिछले 12 दिन से स्वीकृत सड़क के निर्माण की मांग कर रहे सकीड़ा के ग्रामीणों ने उपेक्षा से खिन्न होकर आंदोलन स्थगित कर दिया है। स्वीकृत सड़क का निर्माण न होने के मामले में न्यायालय में वाद दायर करने का निर्णय लिया है।
खांकर-सकीड़ा सड़क निर्माण संघर्ष समिति के संरक्षक रमेश चंद्र, अध्यक्ष किशन राम के नेतृत्व में सकीड़ा के ग्रामीण बीते 12 जुलाई से कलक्ट्रेट में धरना दे रहे थे। ग्रामीणों का धरना अवकाश के दिन भी जारी रहा था। शुक्रवार को संघर्ष समिति ने डीएम विनीत कुमार को लिखे पत्र में कहा कि जिला मुख्यालय से 17 किमी की दूरी पर बसे सकीड़ा के लिए वर्ष 2017 में दो किमी सड़क स्वीकृत हुई थी। अगस्त 2018 में सड़क को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिली थी। सड़क की सर्वे होने के साथ ही भू वैज्ञानिकों ने भी सर्वे कर लिया था। सड़क निर्माण में चीड़ के 48 और बांज के मात्र दो पेड़ आ रहे हैं। सीएम समाधान पोर्टल पर भी मामला उठाया जा चुका है लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कहा कि जिला प्रशासन से न्याय की उम्मीद छोड़ चुके ग्रामीण अब कोर्ट की की शरण लेने जा रहे हैं।