बागेश्वर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में नवनियुक्त शिक्षकों के लिए डायट के महादेवी वर्मा सभागार में पांच दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण चल रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना, आधुनिक शिक्षण विधियों, कक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक दायित्वों के बारे में गहन प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में 40 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि एक कुशल शिक्षक वही है जो किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों की मानसिक क्षमता और परिवेश को समझते हुए शिक्षण कार्य करे। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान शिक्षकों को प्रशासनिक नियमों, सुगम शिक्षण तकनीकों और बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने बताया कि नवनियुक्त शिक्षकों के लिए यह इंडक्शन प्रशिक्षण शिक्षा के क्षेत्र में उनके पहले कदम को मजबूत आधार देने का काम करेगा। उन्होंने शिक्षकों से मनोयोग के साथ प्रशिक्षण हासिल करने और सीखे हुए ज्ञान को कक्षाओं तक पहुंचाने को कहा।