राजकीय शिक्षक संघ ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री द्वारा शिक्षिका के साथ किए गए व्यवहार की निंदा की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षा मंत्री को इस तरह के व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
मंगलवार को बागेश्वर में आयोजित राजकीय शिक्षक संघ की बैठक में मंडलीय उपाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र धपोला ने कहा कि देहरादून के राइंका थानो में शिक्षिका के साथ सम्मानजनक व्यवहार न किया जाना बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभी तक शिक्षा की गुणवत्ता के लिए कोई काम नहीं किया है। अधिकांश स्कूल शिक्षक विहीन हैं। संसाधनों का अभाव है। शिक्षा मंत्री अपनी कमियों को छिपाने के लिए शिक्षकों को प्रताड़ित कर रहे हैं।
कहा कि शिक्षा में एनजीओ का हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से चली आ रही एक समान शिक्षा नीति की मांग पर सरकारें खामोश हैं। बैठक में शाखा अध्यक्ष आद्या प्रसाद सिंह, शाखा मंत्री रवि कुमार जोशी, पूर्व प्रांतीय संयुक्त मंत्री डॉ. प्रेम सिंह मावड़ी, डॉ. सीएम जोशी, संजय गुरुरानी, डॉ. दयासागर, नरसिंह मौर्य, डॉ. मनोज कुमार आदि थे।