बागेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी। इसके लिए जिले में बने 55 परीक्षा केंद्रों में 10,308 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बोर्ड परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है। 12 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने मंगलवार को बोर्ड परीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्वक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्वक कराना पहली प्राथमिकता है।
मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी आर्या ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले को 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सीईओ ने बताया कि इस बार जिले में हाईस्कूल परीक्षा में कुल 5370 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इनमें संस्थागत 2552 छात्र, 2661 छात्राएं, व्यक्तिगत रूप से 101 छात्र, 56 छात्राएं शामिल होंगी। इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में कुल 4938 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इनमें 2142 छात्र, 2476 छात्राएं संस्थागत, 183 छात्र, 137 छात्राएं व्यक्तिगत तौर पर शामिल होंगे।
इस बार हाईस्कूल, इंटर बोर्ड परीक्षा में कुल 10,308 परीथार्थी रजिस्टर्ड हैं जबकि पिछले वर्ष हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में 10040 परीक्षार्थी थे। इस बार बोर्ड परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और कस्टोडियनों से परीक्षा तिथि को सुबह साढ़े नौ बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचकर मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी लेने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) नरेश शर्मा, एसपी आरएस नबियाल, खंड शिक्षाधिकारी बागेश्वर विजेंद्र जोशी, खंड शिक्षाधिकारी कपकोट रमेश चंद्र मौर्य, बीडीओ कपकोट वीसी पंत, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत समेत सभी केंद्र व्यवस्थापक, कस्टोडियन थे। हाईस्कूल, इंटर बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से डबल लॉक में रखा गया है। प्रश्न पत्रों को 14 मार्च के बाद परीक्षा केंद्रों में भेजा जाएगा। इस बार राजकीय इंटर कॉलेज सोराग और जीआईसी छत्यानी दो नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।