टनकपुर में मिठाई की दुकान में मिठाई की गुणवत्ता जांचती खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी।
- फोटो : amar ujala
बागेश्वर। होली पर्व के मद्देनजर जिला खाद्य निरीक्षक की टीम ने नगर के विभिन्न दुकानों में छापा मारा और तीन दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इन सैंपलों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। खाद्य निरीक्षक की ओर से अचानक की गई ताबड़तोड़ छापामारी की कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई।
डीएम मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर जिला खाद्य निरीक्षक की टीम ने मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे नगर की बाजारों में छापामारी की कार्रवाई शुरू की। टीम बस स्टेशन होते हुए चौक बाजार, कांडा रोड़, बैंक तिराहा, तहसील रोड सहित आसपास के कई दुकानों में पहुंची।
टीम ने तीन दुकानों से रसगुल्ला, बेसन लड्डू, सोन पापड़ी के सैंपल लिए। इन सैंपलों को रुद्रपुर स्थित खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार, जिला खाद्य निरीक्षक एके फुलोरिया, तहसीलदार गिरिजाशंकर तिवारी समेत पुलिस प्रशासन के कर्मचारी थे।
इधर जिला खाद्य निरीक्षक एके फुलोरिया ने बताया कि तीन दुकानों में मौके पर ही रसगुल्ला, बेसन लड्डू, सोन पापड़ी के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री बासी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानों को बासी और खराब खाद्य पदार्थों को अपने दुकानों से हटाने के निर्देश दिए हैं। अचानक हुई छापामारी की कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई।